रेलवे की जमीन पर चला बुलडोजर, 34 परिवारों के आशियाने उजड़े..
मुआवजे और नोटिस के बाद नौढ़िया में हटाया गया अतिक्रमण..
Also Read
ठंड में बेघर हुए परिवारों ने पूछा- अब कहां जाएं?
सीधी
रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को जमोड़ी थाना क्षेत्र के नौढ़िया गांव में रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चले अभियान में जेसीबी से 34 मकान हटाए गए। कार्रवाई के बाद कई परिवारों के सामने सिर छिपाने और घरेलू सामान सुरक्षित रखने का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन का कहना है कि संबंधित परिवारों को मुआवजा देने के साथ कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन मकान खाली नहीं किए गए। वहीं प्रभावित परिवारों का सवाल है कि ठंड के इस मौसम में वे महिलाओं और बच्चों को लेकर कहां जाएं, उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था कौन करेगा?
कार्रवाई के दौरान मौके पर 40 से अधिक पुलिसकर्मी और 26 पटवारी तैनात रहे। रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ तहसीलदार गोपालदास राकेश शुक्ला, जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा एवं सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी से मकानों को हटाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं।
मुआवजे के बाद भी खाली नहीं किए थे मकान
तहसीलदार गोपालदास राकेश शुक्ला ने बताया कि रेलवे की जमीन पर बने मकानों को खाली कराने के लिए संबंधित परिवारों को कई बार नोटिस दिए गए थे। नियमानुसार मुआवजा भी वितरित किया जा चुका था। इसके बावजूद मकान खाली नहीं किए जाने पर संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मकान टूटे, अब रहने की जगह की चिंता
कार्रवाई से प्रभावित रामगोपाल बंसल ने कहा कि ठंड के मौसम में परिवारों को घरों से हटा दिया गया है। मकान हटाने से पहले प्रशासन को रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि मुआवजा मिलने के बावजूद दूसरी जगह रहने का इंतजाम नहीं हो पाया है। ऐसे में छोटे बच्चों और महिलाओं को लेकर कहां जाएं, यह बड़ी चिंता है।
कार्रवाई के बाद मौके पर टूटे मकान, बिखरी ईंटें और घरेलू सामान नजर आया। रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद अब प्रभावित परिवारों के सामने पुनर्वास और तत्काल आवास की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।



