इस गांव में रातों-रात बन गए 30 झोपड़ी सभी कहने लगे यह मेरा है घर

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 19 Oct 2026, 12:06 PM IST | 1 min read
Share:

सीधी: खुटेली में रातों-रात सरकारी जमीन पर बनीं 30 से अधिक झोपड़ियां, प्रशासन ने दिए हटाने के निर्देश

हायर सेकेंडरी स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण की सूचना से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने दी कार्रवाई की चेतावनी

सीधी। जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुटेली में रविवार की देर रात शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की जमीन पर अचानक अतिक्रमण का मामला सामने आया है। यहां 30 से अधिक लोगों ने अस्थायी रूप से झोपड़ियां बना लीं। सोमवार सुबह इसकी जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले लोगों को समझाइश देते हुए शासकीय जमीन पर कब्जा करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुछ लोगों ने स्कूल की जमीन से लगी पहाड़ी पर अस्थायी झोपड़ियां बनानी शुरू कर दीं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बहरी थाना पुलिस, बहरी तहसीलदार हिमांशु शुक्ला और सिहावल एसडीएम राकेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया।

एसडीएम राकेश शुक्ला ने बताया कि लोगों ने पहाड़ी पर अस्थायी रूप से कब्जा किया है। आशंका है कि कुछ लोग किसी के बहकावे में आकर ऐसा कर रहे हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा लोगों को बहकाकर शासकीय जमीन पर कब्जा कराया जाता है, तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मौके पर बनाई गई सभी अस्थायी झोपड़ियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, झोपड़ियां जल्द हटाई जाएंगी।

रहने के लिए जमीन नहीं होने का दिया हवाला

वहीं, गांव के निवासी रामभद्र कोल का कहना है कि पहाड़ी पर झोपड़ियां बनाने वाले लोगों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है। उन्होंने बताया कि रहने के लिए जगह नहीं होने के कारण लोगों ने इस पहाड़ी पर अस्थायी रूप से बसने का निर्णय लिया और झोपड़ियां बना लीं।

फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन के निर्देश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कब तक पूरी होती है।