खौफनाक वारदात:सोती मां-बेटियों पर चाकू लेकर टूट पड़ा पिता…

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 18 Nov 2026, 03:31 AM IST | 1 min read
Share:

खौफनाक वारदात:सोती मां-बेटियों पर चाकू लेकर टूट पड़ा पिता…

मासूम की मौत, पत्नी अस्पताल में जिंदगी से जूझ रही..

खुद का गला काटकर की जान देने की कोशिश..

आरोपी गंभीर हालत में रीवा रेफर..

सीधी
रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ममदर गांव में सोमवार रात एक व्यक्ति ने अपनी सोती हुई पत्नी और सात वर्षीय बेटी पर चाकू व हंसिये से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने मासूम ऋतु की गर्दन, चेहरे, छाती, पेट और हाथ-पैर पर 10 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पत्नी सावित्री भी गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के गले पर चाकू मारकर जान देने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बदवार गांव निवासी उमेश केवट परिवार के साथ ममदर तालाब के पास झोपड़ी बनाकर रहता था और सिंघाड़ा बोने का काम करता था।

एक ही खाट पर सो रही थीं मां-बेटियां

सोमवार रात सावित्री अपनी दोनों बेटियों के साथ एक खाट पर सो रही थी, जबकि उमेश दूसरी खाट पर लेटा था। इसी दौरान वह अचानक चाकू लेकर पहुंचा और पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद छह वर्षीय बेटी ऋतु को भी चाकू से गोद दिया। गंभीर चोटों के चलते बच्ची की मौत हो गई, जबकि मां लहूलुहान हो गई।

तीन दिन से बदला था व्यवहार, कराई थी झाड़-फूंक

घायल सावित्री के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से उमेश का व्यवहार अचानक बदल गया था। वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा होकर गाली-गलौज करता और परिजनों को मारने दौड़ता था। उसकी हालत देखकर परिजनों ने झाड़-फूंक भी कराई थी। रविवार से व्यवहार में कुछ सुधार दिखा, लेकिन सोमवार रात उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किए जाने पर चिकित्सकों ने ऋतु को मृत घोषित कर दिया। आरोपी उमेश को पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय से गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया है।

इनका कहना है

ममदर गांव में पत्नी और बच्ची पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रीवा में सात वर्षीय बच्ची की मौत होने की सूचना मिली है। आरोपी की हालत भी गंभीर है। घटना का वास्तविक कारण अभी सामने नहीं आया है।
अभिषेक उपाध्याय
थाना प्रभारी, रामपुर नैकिन