किसानों के सम्मान में कांग्रेस का प्रदर्शन, रीवा सांसद का पुतला दहन…
किसानों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं : ज्ञान
Also Read
सीधी
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जवाहर भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला दहन कर नारेबाजी की और किसानों के सम्मान में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और समाज की रीढ़ हैं। अन्नदाताओं के प्रति किसी जनप्रतिनिधि की अपमानजनक टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। किसानों का सम्मान पूरे देश के सम्मान से जुड़ा है।
ज्ञान सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई हमेशा लड़ती रही है। किसानों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं होगा। ऐसी टिप्पणियों के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।



