जनसुनवाई में 233 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश, नागरिकों को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
सीधी। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 233 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Also Read
कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए। साथ ही आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण संभव नहीं है अथवा आवेदन निरस्त किए जाते हैं, उनमें स्पष्ट कारण बताते हुए संबंधित आवेदकों को अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की इस पहल से पहुंचे नागरिकों को लाभ मिला।
सीईओ जिला पंचायत ने भी सुनीं समस्याएं
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने भी जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



