कुएं में मिली 2 वर्षीय मासूम की लाश, खेलते-खेलते कुएं के पास पहुंचने की आशंका
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत रौहाल गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 2 वर्षीय मासूम रूपाली सिंह की लाश घर के पास स्थित कुएं में मिली। बच्ची अपने मामा के घर रह रही थी।
Also Read
जानकारी के अनुसार रूपाली सिंह पिता राजकरण सिंह, निवासी रौहाल, अपने मामा महावीर सिंह पिता वंशरूप सिंह के यहां रह रही थी। घर के समीप ही कुआं स्थित है। परिजनों के अनुसार जब बच्ची कुछ समय तक आसपास दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान कुएं में बच्ची के होने की आशंका हुई।
परिजनों ने आशंका जताई कि बच्ची खेलते-खेलते कुएं के नजदीक पहुंच गई होगी और उसमें गिरने से उसकी डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना कुसमी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच और विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के बाद ही बच्ची की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



