*कुसमी में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, 15 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी*
आदिवासी अंचल की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर बरसे कांग्रेसी, एसडीएम के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी
Also Read
कुसमी। आदिवासी विकासखंड कुसमी में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के तत्वावधान में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। तहसील परिसर पर अनुमति नहीं मिलने के बाद जूरी मार्ग स्थित निजी भूमि पर आयोजित धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित कांग्रेस के जिला एवं कुसमी ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन पर जमकर निशाना साधा और तत्काल निराकरण की मांग की।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि आदिवासी अंचल कुसमी आज भी विकास की दृष्टि से पिछड़े क्षेत्रों में शामिल है। ग्रामीणों को वृद्धावस्था एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बिजली बिलों में अधिक राशि आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वहीं बांधों की नहरें टूटने से किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आदिवासी विकास विभाग से जुड़े मुद्दे, कुसमी क्षेत्र में सड़क मार्गों की बदहाली सहित कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं।
समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने के लिए प्रशासन को गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने पेंशन, आवास, बिजली, सिंचाई, सड़क और आदिवासी विकास विभाग से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुसमी क्षेत्र के ग्रामीण लगातार अपनी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
एसडीएम के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर नाराजगी
धरना प्रदर्शन के दौरान उस समय कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखने को मिली, जब एसडीएम कुसमी धरना स्थल पर कांग्रेस का ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने इसे लेकर प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाए और कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर कांग्रेस द्वारा उठाई गई मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर लंबे समय तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी।
तहसीलदार ने लिया राज्यपाल के नाम ज्ञापन
एसडीएम के धरना स्थल पर नहीं पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी रही। बाद में तहसीलदार कुसमी नारायण सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से राज्यपाल के नाम संबोधित मांग पत्र प्राप्त किया। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
‘आप लड़े थे गोरो से, अब हम लड़ेंगे चोरों से’ का नारा
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ वोट चोरी के मुद्दे को लेकर भी नारेबाजी की। इस दौरान “आप लड़े थे गोरो से, अब हम लड़ेंगे चोरों से” जैसे नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने आरोपों को लेकर भी सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह, जिला महामंत्री ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, कांग्रेस नेत्री कमलेश सिंह, सोनम सिंह, सावित्री सिंह, चंद्रावती सिंह, चेतना सिंह, शेषमणि प्रसाद पनिका, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विमल जायसवाल, विनय मिश्रा, तिलक राज सिंह सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के कई कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



