कुसमी में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने वीर सपूतों को किया सम्मानित।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 08 Oct 2026, 11:07 AM IST | 1 min read
Share:

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने वीर सपूतों को किया सम्मानित।

वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान समारोह में जवानों का बढ़ाया मान, दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण

सीधी, 8 अक्टूबर। देश की सुरक्षा और सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वीर जवानों के सम्मान में जनपद सभागार सीधी में ‘वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विभिन्न सुरक्षा बलों में सेवाएं दे चुके वीर जवानों एवं उनके परिजनों का श्रीफल, साल, फूल-माला पहनाकर सम्मान किया गया।

समारोह में ग्राम भगवार निवासी हवलदार श्रवण कुमार मिश्रा, CRPF के सब-इंस्पेक्टर रामेश्वर सिंह, ग्राम वजबई निवासी CRPF के सिपाही रामप्रसाद सिंह तथा ग्राम धुम्माडोल निवासी BSF के प्रधान आरक्षक महाबली सिंह को सम्मानित किया गया।

*जवानों का त्याग युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत*

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और आंतरिक शांति बनाए रखने में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। वीर जवानों का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए गौरव का विषय है। उनका जीवन युवा पीढ़ी को देश सेवा के लिए प्रेरित करता है।

एसडीएम कुसमी सागर दिलीप जैन ने भी वीर सपूतों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा की सराहना करते हुए उनके योगदान को नमन किया। विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने अपने उद्बोधन में वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

*दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण*

कार्यक्रम के बाद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें सुनने की मशीन, लाठी, हाथ-पैर में लगाने वाले बेल्ट, व्हीलचेयर सहित अन्य उपकरण शामिल रहे। विधायक ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, सरपंच चेतना सिंह, एसडीएम कुसमी सागर दिलीप जैन, बीआरसी अंगीरा द्विवेदी, जेडीएस जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह, जितेंद्र गुप्ता, पंकज मिश्रा, सरपंच-सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।