कुसमी दुर्गा मंदिर में सजेगी भव्य देवी जागरण की महफिल, सतना से छतरपुर तक के कलाकार देंगे प्रस्तुति
धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम होंगे मुख्य अतिथि, अपना विंध्य इवेंट एवं मां भगवती देवी जागरण ग्रुप के संयुक्त संयोजन में होगा भक्तिमय आयोजन
Also Read
कुसमी (सीधी)। माता रानी की भक्ति और आराधना से कुसमी का दुर्गा मंदिर मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को भक्तिमय माहौल में सराबोर होगा। दुर्गा मंदिर समिति कुसमी के तत्वावधान में भव्य रात्रि देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें सतना, छतरपुर और जबलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत भगवार की सरपंच चेतना अनिल सिंह करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत कुसमी अध्यक्ष श्यामवती सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमल जायसवाल, मंडल कुसमी भाजपा अध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह एवं व्यापारी संघ अध्यक्ष मनोज गुप्ता उपस्थित रहेंगे।
छह कलाकार देंगे भक्ति प्रस्तुतियां
अपना विंध्य इवेंट एवं मां भगवती देवी जागरण ग्रुप के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में पवन शुक्ला (सतना), तुलसी पाण्डेय (सतना), ओजस्विनी व्यास (छतरपुर), फरीद खान (जबलपुर), अंचित गौतम और सीमा शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकारों की भक्ति प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
दुर्गा मंदिर समिति ने की श्रद्धालुओं से अपील
दुर्गा मंदिर समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, भक्तों एवं ग्रामीणजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देवी जागरण में शामिल होने की अपील की है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। माता रानी के भजनों और भक्ति संगीत से सजी यह शाम भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।



