मां चंद्रिका मंदिर जा रहे इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा अचानक पलटा चार लोग घायल

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 19 Oct 2026, 11:58 AM IST | 1 min read
Share:

सीधी में मंदिर जा रहा इलेक्ट्रिक ऑटो रेही नदी के पुल पर पलटा, तीन महिलाओं समेत चार घायल

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, पुल से नीचे गिरने से बचा ऑटो; 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया

सीधी। जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोघरा में सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई, जब ऑटो सीधी से चंद्रिका मंदिर घोघरा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि रेही नदी के पुल पर पहुंचते ही वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पुल के बीच ही पलट गया।

गनीमत रही कि ऑटो पुल से नीचे नदी में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया।

पटपरा गांव की रहने वाली हैं तीनों महिलाएं

हादसे में घायल तीनों महिलाओं की पहचान ग्राम पटपरा निवासी रामबाई सेन, कुसुम कली सेन और मुन्नी सेन के रूप में हुई है। वहीं, ऑटो रिक्शा चला रहे चालक की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

ग्राम घोघरा निवासी राजकुमार पटेल ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। समय पर मदद मिलने से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जा सका।

जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अरविंद सोनी के अनुसार, हादसे में घायल सभी लोगों का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत सामान्य है। घायलों के हाथ-पैर, सीने और पीठ में चोटें आई हैं। ऑटो पलटने के दौरान गिरने से कुछ लोगों के हाथ भी छिल गए हैं।

फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है। इस घटना ने एक बार फिर वाहनों की तकनीकी स्थिति और यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।