उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिस आंगन में कुछ देर पहले बच्चे की हंसी गूंज रही थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। घर के पास साइकिल चलाते हुए 13 वर्षीय उमेश पाल को क्या पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। मां की आंखों के सामने वह अचानक गहरे कुएं में जा गिरा। बेटे को पानी में डूबता देख मां बदहवास होकर उसे बचाने दौड़ी, लेकिन जब तक स्थानीय लोग उसे बाहर निकाल पाते, मासूम की सांसें थम चुकी थीं। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
Also Read
घटना कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम किरनताल की है। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उमेश पाल पिता लालमन पाल (13 वर्ष) घर के आसपास साइकिल चला रहा था। इसी दौरान वह पास में स्थित भगवत पाल के आंगन में बने कुएं के नजदीक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि साइकिल अचानक अनियंत्रित हुई और उमेश सीधे गहरे कुएं में जा गिरा। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बेटे को बचाने दौड़ी मां, लेकिन देर हो चुकी थी
आंखों के सामने बेटे को कुएं में गिरते देख मां की चीख निकल गई। वह बिना कुछ सोचे-समझे उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन कुएं में पानी अधिक गहरा होने के कारण तत्काल उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद उमेश को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिस बेटे को मां ने अपनी आंखों के सामने खेलते देखा था, वही अब जिंदगी की जंग हार चुका था।
सूरत में मजदूरी कर रहे पिता पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस वक्त परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा, उस समय उमेश के पिता लालमन पाल रोजी-रोटी की तलाश में सूरत में थे। परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए घर से दूर रह रहे पिता को जब बेटे की मौत की खबर मिली तो उन पर क्या बीती होगी, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।
एक हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
घटना के बाद मासूम के शव को पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल लाया गया। गांव में हर आंख नम है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में घरों और आबादी के आसपास बने खुले कुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत उजागर कर दी है। बिना सुरक्षा घेरा और ढक्कन वाले कुएं बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। उमेश की दर्दनाक मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव को गहरे सदमे में छोड़ दिया।



