मानस भवन के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने पैदल युवक को मारी टक्कर, चालक फरार
रात 11 बजे हुआ हादसा, घायल युवक को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती; सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
Also Read
सीधी। शहर के मानस भवन के पास सोमवार की देर रात एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने पैदल जा रहे 18 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक घायल को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी में भर्ती कराया गया।
घायल की पहचान जगदीश रावत (18 वर्ष), निवासी हरिजन बस्ती सीधी के रूप में हुई है। 108 एंबुलेंस के चालक दीपक विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चार पहिया वाहन ने पैदल चल रहे युवक को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया गया कि दुर्घटना सोमवार की रात करीब 11 बजे की है। शहर के व्यस्त इलाके में हुए इस हादसे के बाद वाहन चालक के फरार होने को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था, लेकिन तब तक चार पहिया वाहन चालक अपने वाहन के साथ फरार हो चुका था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के माध्यम से वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।



