नवरात्रि और दुर्गा विसर्जन को लेकर कुसमी खण्ड प्रशासन अलर्ट,अष्टभुजी देवी समिति के साथ बैठक ।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 12 Oct 2026, 12:05 PM IST | 1 min read
Share:

नवरात्रि और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, गोतरा अष्टभुजी मंदिर समिति के साथ बैठक

एसडीएम सागर दिलीप जैन और थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने दिए सख्त निर्देश, नशा और हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

**कुसमी।** शारदीय नवरात्रि पर्व एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कुसमी खंड प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को गोतरा स्थित अष्टभुजी माता मंदिर परिसर में मंदिर समिति और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम सागर दिलीप जैन, तहसीलदार नारायण सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचने वाली समितियां निर्धारित नियमों का पालन करें। विसर्जन के दौरान नशा करने, हुड़दंग मचाने अथवा धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मां दुर्गा की आराधना और प्रतिमा विसर्जन श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ किया जाए। किसी भी व्यक्ति को भक्ति के माहौल में व्यवधान उत्पन्न करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों से आपसी सहयोग और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की।

गोतरा स्थित अष्टभुजी माता मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से भी अधिकारियों ने शांति और मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि माता रानी के दर्शन के दौरान किसी प्रकार का विवाद या अव्यवस्था न हो, इसका सभी लोग ध्यान रखें।

बैठक में अष्टभुजी माता मंदिर समिति के अध्यक्ष धुलम गोस्वामी, उपाध्यक्ष रामलाल साकेत, सचिव दिनेश प्रसाद शुक्ला, कोषाध्यक्ष रामसुशील शुक्ला सहित समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से नवरात्रि पर्व को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।