पोड़ी खदान के पास गोपत नदी में पलटा लोडर, मशीन के नीचे दबने से 19 वर्षीय युवक की मौत।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 09 Nov 2026, 12:44 PM IST | 0 min read
Share:

*पोडी खदान के पास गोपद नदी में पलटा लोडर, मशीन के नीचे दबने से 19 वर्षीय युवक की मौत**

**लोडर से नदी में धुलाई के दौरान हुआ हादसा, दूसरे दिन ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव; पुलिस ने शुरू की जांच**

**कुसमी (सीधी)।** कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी खदान के पास गोपद नदी में लोडर मशीन पलटने से 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 8 नवंबर 2026 को उस समय हुआ, जब रेत खदान में काम समाप्त होने के बाद लोडर मशीन को नदी में ले जाकर धुलाई की जा रही थी। इस दौरान चालक की कथित लापरवाही से लोडर नदी में पलट गया और उसके साथ मौजूद हेल्पर मशीन के नीचे गहरे पानी में दब गया।

पुलिस में दर्ज घटना विवरण के अनुसार, मृतक की पहचान अंबेडकर प्रजापति, पिता नंद कुमार प्रजापति निवासी ग्राम झोंखो,बगैहा टोला थाना चितरंगी सिंगरौली बहरी के रूप में हुई है। वह रेत खदान में मजदूरी का काम करता था। बताया गया कि रविवार शाम करीब 4 बजे खदान में काम समाप्त होने के बाद दीपावली पूजा के लिए कर्मचारी कैंप में मौजूद थे। इसी दौरान एक नए लोडर का ऑपरेटर अपने साथ एक अन्य हेल्पर को लेकर गोपद नदी में मशीन की धुलाई करने पहुंचा।

बताया जाता है कि नदी किनारे वाहन को अंदर ले जाने के दौरान लोडर अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण हेल्पर मशीन के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने अन्य स्टाफ को आवाज देकर बुलाया और बचाव का प्रयास किया। दूसरे लोडर की मदद से नदी में डूबी मशीन को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण युवक का शव तत्काल नहीं निकाला जा सका।

अगले दिन सुबह ग्रामीणों और आसपास के लोगों की मदद से नदी के अंदर से लोडर को बाहर निकाला गया। इसके बाद मशीन के नीचे फंसे युवक के शव को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक घटना विवरण में युवक की मौत का कारण लोडर को लापरवाहीपूर्वक नदी में ले जाना और मशीन का पलटना बताया गया है। मामले की जांच कुसमी पुलिस द्वारा की जा रही है।