उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बिरसिंहपुर पाली में रविवार को लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के प्राचीन सगरा तालाब के घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाब परिसर में एकत्र हुए। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
Also Read
रविवार की शाम जैसे-जैसे सूर्यास्त का समय नजदीक आया, सगरा तालाब के घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री से सजे बांस के सूप और टोकरी लेकर घाट पहुंचीं। इनमें विभिन्न प्रकार के फल, गन्ना, नारियल, सब्जियां और अन्य पूजन सामग्री रखी गई थी। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
चार दिनों तक चलता है कठिन व्रत
छठ पूजा उत्तर भारत, विशेषकर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रमुख लोकपर्व है। अब इसकी परंपरा देश के अन्य हिस्सों में भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। बिरसिंहपुर पाली में भी श्रद्धालु वर्षों से इस महापर्व को पारंपरिक तरीके से मनाते आ रहे हैं।
छठ पर्व चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है, जिसमें व्रती महिलाएं शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण करती हैं। दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाती है। इसके बाद व्रती निर्जला उपवास शुरू करती हैं। तीसरे दिन शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया जाता है।
संतान की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की उपासना से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और आरोग्य बना रहता है। विशेष रूप से संतान की लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य के लिए महिलाएं यह कठिन व्रत रखती हैं। पर्व में शुद्धता, संयम और नियमों का विशेष महत्व माना जाता है।
रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही सगरा तालाब का घाट छठी मैया की भक्ति में सराबोर नजर आया। अब सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।



