शिविर में पोंडी चौकी पुलिस ने साइबर अपराध एवं नशे से बचाव के प्रति लोगों को किया जागरूक।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 03 Oct 2026, 12:52 PM IST | 1 min read
Share:

पोंडी में लगा बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराध और नशे से बचाव के प्रति किया जागरूक।

सीधी के कुसमी थाना के चौकी पोंडी अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल पोंडी में शनिवार, 3 अक्टूबर को विभिन्न विभागों द्वारा संयुक्त रूप से जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चौकी पोंडी पुलिस द्वारा भी स्टॉल लगाकर आमजन को पुलिस से जुड़ी सेवाओं एवं जनहित से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

चौकी प्रभारी सउनि जयनारायण श्रीवास्तव ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को ‘राह-वीर योजना—जीवन रक्षक बनें, आप मदद करें, सरकार सम्मान देगी’ के संबंध में जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

इसके साथ ही पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव एवं नशे के विरुद्ध जागरूकता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर बिना भय के पुलिस से संपर्क करें।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव निर्भीक होकर पुलिस के समक्ष रखें, ताकि स्थानीय समस्याओं का समय पर निराकरण किया जा सके।

शिविर में एसडीएम कुसमी सागर जैन, तहसीलदार कुसमी, मंडल अध्यक्ष कुसमी श्रीमती अनीता सिंह, बीआरसी अंगिरा द्विवेदी, बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह सहित पुलिस, वन, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

शिविर में करीब 500 ग्रामीणों ने सहभागिता की। विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।