सोन नदी में नहाने उतरा 22 वर्षीय युवक लापता, SDRF की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 11 Oct 2026, 05:27 AM IST | 1 min read
Share:

सोन नदी में नहाने उतरा 22 वर्षीय युवक लापता, SDRF की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

दोस्त किनारे पर पका रहे थे मछली, नहाने गया ज्ञानेंद्र सिंह काफी देर तक नहीं लौटा; शनिवार शाम की घटना के बाद रविवार को तलाश तेज

सीधी। जिले के खड्डी चौकी अंतर्गत ग्राम खैरा के पास सोन नदी में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। युवक अपने बुआ के घर आया हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार को पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। हालांकि, लगातार तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान ज्ञानेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पड़रा, जिला सीधी, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि ज्ञानेंद्र अपने दोस्तों के साथ सोन नदी के किनारे पहुंचा था। इस दौरान उसके कुछ दोस्त नदी के किनारे बैठकर मछली पका रहे थे। इसी बीच ज्ञानेंद्र नहाने के लिए नदी में उतर गया, लेकिन काफी देर तक वापस बाहर नहीं आया। जब दोस्तों को उसकी चिंता हुई और तलाश करने पर कोई जानकारी नहीं मिली, तब उन्होंने गांव के लोगों को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।

एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से तलाश जारी

खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने बताया कि युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलने के बाद उसकी तलाश की जा रही है। रविवार को एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और ग्रामीणों की मदद से नदी में युवक की तलाश लगातार जारी है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।

दोस्तों की नजरों के सामने हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी करण सिंह के मुताबिक, घटना के समय मौके पर तीन लोग मौजूद थे। दो लोग नदी किनारे मछली पकाने में व्यस्त थे, जबकि ज्ञानेंद्र नहाने के लिए नदी में चला गया। मछली बनाने में व्यस्त होने के कारण उन्हें तत्काल यह पता नहीं चला कि ज्ञानेंद्र पानी से बाहर नहीं आया है। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर उन्होंने गांव के लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस तक सूचना पहुंची।

घटना के बाद से युवक के परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। रविवार को नदी में तलाश अभियान जारी रहने के बावजूद युवक का पता नहीं चलने से परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।