सोन नदी से अवैध रेत रोकने पहुंची पुलिस टीम पर माफिया का हमला,एसआई से मारपीट कर ट्रैक्टर छुड़ाया…

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 15 Nov 2026, 04:22 AM IST | 1 min read
Share:

सोन नदी से अवैध रेत रोकने पहुंची पुलिस टीम पर माफिया का हमला,एसआई से मारपीट कर ट्रैक्टर छुड़ाया…

रामपुर नैकिन के बाघड़ गांव में कार अड़ाकर पुलिस का रास्ता रोका

डंडों से लैस आरोपियों ने की गुंडागर्दी

चार गिरफ्तार, 11 की तलाश जारी

सीधी
जिले में अवैध रेत कारोबारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला करने से नहीं चूक रहे। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के बाघड़ गांव में सोन नदी से अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। डंडों से लैस आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, सड़क पर कार अड़ाकर पुलिस का रास्ता रोका और जब्त ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। घटना में एसआई के साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिली थी कि सोन नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर बाघड़ गांव की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान आरोपियों ने कार से रास्ता अवरुद्ध कर दिया और डंडों से लैस होकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस टीम को धमकाते हुए जबरन ट्रैक्टर छुड़ा लिया और मौके से भाग निकले।

चार आरोपी गिरफ्तार, 11 की तलाश

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। मामले में रामपाल बैस, जगदीश बैस, दिनेश बैस और रामनारायण बैस को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य 11 आरोपियों की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

24 धाराओं में अपराध दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा, एससी-एसटी एक्ट, वन्यजीव संरक्षण तथा खान एवं खनिज अधिनियम सहित विभिन्न कानूनों की 24 धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।