स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरा टीवीएस एक्सएल सवार, 10 मिनट तक बेहोश पड़ा रहा युवक

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 18 Nov 2026, 12:21 PM IST | 0 min read
Share:

स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरा टीवीएस एक्सएल सवार, 10 मिनट तक बेहोश पड़ा रहा युवक

संजय गांधी कॉलेज के छात्रों और राहगीरों ने दिखाई तत्परता, निजी ऑटो से पहुंचाया जिला अस्पताल; घायल की पहचान नहीं हो सकी

सीधी। शहर के संजय गांधी कॉलेज के सामने बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में टीवीएस एक्सएल 100 सवार 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद वह बीच सड़क पर बेहोशी की हालत में करीब 10 मिनट तक पड़ा रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे युवक टीवीएस एक्सएल 100 वाहन लेकर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के पास पहुंचा, उसका वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके चलते वह सीधे बीच सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर और मुंह में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

युवक को सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ा देखकर संजय गांधी कॉलेज के छात्रों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मदद के लिए तत्परता दिखाई। करीब 10 मिनट तक युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं दिखने पर लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए निजी ऑटो की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचने के कारण उसके नाम और पते की जानकारी नहीं मिल पाई है।

इस संबंध में जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था, लेकिन तब तक घायल को जिला अस्पताल ले जाया जा चुका था। उन्होंने बताया कि युवक को होश आने के बाद उसकी पहचान और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाकर आगे की जांच की जाएगी।