तेंदूपत्ता तोड़ाई के भुगतान के लिए भटक रहा हितग्राही, एसडीएम के पास पहुंची शिकायत
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी टमसार वन परिक्षेत्र अंतर्गत तेंदूपत्ता तोड़ाई का कार्य करने वाले कई आदिवासी परिवारों को अब तक भुगतान नहीं मिलने की शिकायत सामने आई है। वन विभाग के कर्मचारियों से कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने पर ग्राम पंचायत कोडार के एक हितग्राही ने एसडीएम कुसमी के समक्ष शिकायत पहुंचाई है।
Also Read
ग्राम पंचायत कोडार निवासी तेज बहादुर सिंह का कहना है कि उन्होंने अपने परिवार के साथ तेंदूपत्ता तोड़ाई का कार्य किया था। उनके द्वारा करीब 1260 गड्डी तेंदूपत्ता तोड़ा गया, लेकिन आज दिनांक तक इसकी राशि उनके खाते में नहीं पहुंची है। हितग्राही के अनुसार, उनके साथ तेंदूपत्ता तोड़ने वाले कई अन्य हितग्राहियों का भुगतान हो चुका है, लेकिन उनका भुगतान अभी तक लंबित है।
हितग्राही ने बताया कि भुगतान के लिए वह कई बार वन विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर चुका हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि अब बोनस की राशि भी मिलने वाली है। ऐसे में जब मूल भुगतान ही नहीं मिला है तो बोनस की राशि मिलने को लेकर भी उन्हें चिंता है। भुगतान नहीं मिलने से परिवार आर्थिक परेशानी का सामना कर रहा है।
एसडीएम ने जांच के दिए निर्देश
शिकायत एसडीएम कुसमी के पास पहुंचने के बाद एसडीएम ने हितग्राही को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद हितग्राही को लंबित तेंदूपत्ता तोड़ाई की राशि कब तक मिल पाती है और आगामी बोनस में उसका लाभ मिल पाता है या नहीं।
*कई फड़ों में भुगतान लंबित होने का दावा*
समाजसेवी आनंद सिंह दुआ का कहना है कि तेंदूपत्ता तोड़ाई का भुगतान कई फड़ों में हितग्राहियों को नहीं मिला है। इस संबंध में वन विभाग के कर्मचारियों को शिकायतें भी दी गई हैं, लेकिन समस्या के निराकरण को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में कैंप लगाकर ऐसे हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण किया जा सकता है, जिनका किसी कारणवश भुगतान नहीं हो पाया है। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
आनंद सिंह दुआ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लंबित भुगतान और अन्य समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो वे जंगली जानवरों द्वारा घरेलू पशुओं को नुकसान पहुंचाने, गांवों में वन्यजीवों के प्रवेश तथा फसलों को हो रहे नुकसान सहित अन्य मुद्दों को लेकर वन विभाग कार्यालय टमसार का घेराव करेंगे।



