# ट्रक चालकों की हड़ताल से सीधी में परिवहन व्यवस्था प्रभावित, तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सड़क पर उतरे चालक
**सुरक्षा, ड्राइवर आयोग के गठन और दुर्घटना में परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग**
Also Read
**सीधी।** ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के आह्वान पर गुरुवार से शुरू हुए ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’ का असर अब सीधी जिले में भी दिखाई देने लगा है। जिले की विभिन्न तहसीलों में ट्रक सहित बड़े व्यावसायिक वाहनों के चालकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। आंदोलन के पहले चरण में केवल बड़े व्यावसायिक वाहनों को शामिल किया गया है। चालकों ने अपने वाहन खड़े कर सरकार से तीन सूत्रीय मांगें पूरी करने की अपील की है।
**तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन**
जिला अध्यक्ष अशोक पटेल ने बताया कि चालकों की प्रमुख मांगों में सड़क पर काम करने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, केंद्र एवं राज्य स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन तथा सड़क दुर्घटना में चालक की मृत्यु या गंभीर हादसा होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता देना शामिल है। संगठन का कहना है कि चालक दिन-रात सड़कों पर रहकर परिवहन व्यवस्था को संचालित करते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा और परिवार के भविष्य को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
**हड़ताल से परिवहन व्यवस्था पर असर**
बड़े वाहनों की हड़ताल के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। ट्रकों के पहिए थमने से किराना सामग्री, सीमेंट, लोहा और अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। यदि आंदोलन लंबा चला तो बाजार में जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता प्रभावित होने के साथ महंगाई बढ़ने की भी संभावना है।
चालकों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा।



