विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने खुद ली किसान समिति की सदस्यता, विधानसभा के किसानों से की अपील।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 30 Sep 2026, 07:03 AM IST | 1 min read
Share:

विधायक ने खुद ली किसान समिति की सदस्यता, बोले- योजनाओं का लाभ लेने समिति से जुड़ें किसान

कुसमी। किसान सदस्यता अभियान को गति देने के लिए धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने स्वयं बहुउद्देशीय सहकारी समिति की सदस्यता ली और क्षेत्र के किसानों से भी सहकारी समितियों से जुड़ने की अपील की।

किसान सदस्यता अभियान के तहत कुसमी समिति के प्रबंधक संतोष त्रिपाठी ग्राम पंचायत रौहाल के ग्राम कोंटमा पहुंचे थे। इसी दौरान विधायक टेकाम ने समिति की सदस्यता ग्रहण की। समिति द्वारा सदस्यता शुल्क के रूप में 600 रुपये की रसीद काटकर विधायक को पावती दी गई।

विधायक ने कहा कि धौहनी विधानसभा क्षेत्र के किसान अपने नजदीकी सहकारी समिति में पहुंचकर सदस्यता लें और शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने किसानों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

400 से अधिक किसान जुड़े

कुसमी सहकारी समिति में सदस्यता अभियान के दौरान अब तक करीब 400 किसानों को सदस्य बनाया जा चुका है। समिति प्रबंधक संतोष त्रिपाठी द्वारा लगातार किसानों को समिति से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। वहीं उचित मूल्य दुकानों के सेल्समैनों को भी अधिक से अधिक किसानों को समिति की सदस्यता दिलाने के लिए अभियान में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।