विसर्जन स्थल पर स्वयं पहुंचे एसपी सिंगरौली, “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा वातावरण

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 27 Sep 2026, 01:12 AM IST | 1 min read
Share:

सुरक्षा, यातायात एवं विसर्जन व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग के बीच जिले की सभी 81 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन संपन्न

सिंगरौली। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर जिलेभर में श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान श्री गणेश को भावपूर्ण विदाई दी गई। विभिन्न विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष गूंजते रहे। जिले में स्थापित सभी 81 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

पुलिस महानिरीक्षक महोदय श्री गौरव राजपूत के निर्देशन, पुलिस उप महानिरीक्षक महोदय श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. महोदय के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा महोदय के पर्यवेक्षण में श्री गणेश विसर्जन को लेकर जिलेभर में व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।

विसर्जन से पूर्व पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने स्वयं प्रमुख घाटों एवं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, जल सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विसर्जन स्थलों पर सतत निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

विसर्जन के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं समस्त अधिकारीगण मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस जवानों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा श्रद्धालुओं से संवाद किया। इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से पूरा वातावरण आस्था और उत्साह से सराबोर रहा।

पुलिस बल द्वारा विसर्जन स्थलों, प्रमुख मार्गों, यातायात बिंदुओं एवं संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखी गई। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखते हुए अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर निगरानी रखी गई।

सिंगरौली पुलिस की पूर्व तैयारी, सतत फील्ड मॉनिटरिंग, अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय तैनाती एवं आमजन के सहयोग के परिणामस्वरूप जिलेभर में श्री गणेश विसर्जन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन में सहयोग के लिए समस्त सिंगरौलीवासियों, श्रद्धालुओं, गणेश उत्सव समितियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक सहयोगियों तथा ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।