आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर में खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं पुरस्कृत; अंग्रेजी माध्यम विद्यालय और बालक छात्रावासों में भी हुआ सामूहिक भोज।
कुसमी। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को सीधी जिले के आदिवासी विकासखंड कुसमी अंतर्गत आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर, अंग्रेजी माध्यम आवासीय विद्यालय सहित शासकीय उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-1 एवं क्रमांक-2 में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए विशेष रुचिकर भोजन की व्यवस्था की गई। वहीं कन्या शिक्षा परिसर में खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
Also Read
आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य पीके पाण्डेय ने छात्राओं को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के महत्व एवं प्रदेश के गठन से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में प्राचार्य पीके पाण्डेय, संतोष, अरविंद यादव, नागेंद्र तिवारी, अधीक्षिका भगवन्ती सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इसी क्रम में अंग्रेजी माध्यम आवासीय विद्यालय कुसमी के अधीक्षक भुवन सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों को पूरी-सब्जी, सेवई, पापड़, सलाद, अचार, चावल और दाल सहित विभिन्न व्यंजन परोसे गए। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक भी विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन में शामिल हुए।
वहीं शासकीय उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-1 में अधीक्षक उग्रसेन सिंह तथा छात्रावास क्रमांक-2 में अधीक्षक मोतीलाल सिंह के द्वारा विद्यार्थियों के लिए रुचिकर भोजन की व्यवस्था की गई। आयोजन में कई अभिभावक भी शामिल हुए और विद्यार्थियों के साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया।
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के महत्व की जानकारी देने के साथ शिक्षा, अनुशासन, खेलकूद एवं अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे आयोजन में सामूहिक भोजन, खेलकूद और सांस्कृतिक सहभागिता के माध्यम से स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं।



