मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर छात्रावासो में कार्यक्रम आयोजित,छात्रों को कराया गया रुचिकर भोजन

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 01 Nov 2026, 08:22 AM IST | 1 min read
Share:

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर छात्रावासों में विद्यार्थियों को कराया गया रुचिकर भोजन

**अंग्रेजी माध्यम आवासीय विद्यालय सहित बालक छात्रावास क्रमांक-1 एवं 2 में आयोजित हुए कार्यक्रम, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बैठकर विद्यार्थियों ने किया भोजन।**

**कुसमी।** मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को सीधी जिले के आदिवासी विकासखंड कुसमी अंतर्गत अंग्रेजी माध्यम आवासीय विद्यालय कुसमी सहित शासकीय उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-1 एवं छात्रावास क्रमांक-2 में विद्यार्थियों के लिए विशेष रुचिकर भोजन का आयोजन किया गया।

अंग्रेजी माध्यम आवासीय विद्यालय कुसमी के अधीक्षक भुवन सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों को पूरी-सब्जी, सेवई, पापड़, सलाद, अचार, चावल, दाल सहित विभिन्न व्यंजन परोसे गए। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन करते नजर आए। शासन की गाइडलाइन के अनुसार स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

इसी क्रम में शासकीय उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-1 में अधीक्षक उग्रसेन सिंह तथा छात्रावास क्रमांक-2 में अधीक्षक मोतीलाल सिंह के द्वारा विद्यार्थियों के लिए रुचिकर भोजन की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर कई अभिभावक भी विद्यार्थियों के साथ भोजन में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान छात्रावासों में विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के महत्व एवं प्रदेश के गठन से जुड़ी जानकारी दी गई। वहीं बालक छात्रावासों में विद्यार्थियों को नियमित रूप से शिक्षण कार्य करने, पढ़ाई में रुचि लेने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की समझाइश भी दी गई।

इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को स्थापना दिवस की खुशियों में सहभागी बनाने के साथ सामूहिक भोजन और आपसी मेलजोल का अवसर भी मिला।