9 घंटे तक ट्रक में फंसी रही खलासी की सांसें, सुबह क्रेन से निकाला बाहर

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 01 Nov 2026, 05:40 AM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

रात का सन्नाटा, नदी के बीच पलटा कोयले से भरा ट्रक और उसके अंदर जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष करता एक युवक। हर गुजरते घंटे के साथ खलासी की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं। करीब नौ घंटे तक वह ट्रक के भीतर फंसा रहा। आखिरकार सुबह क्रेन की मदद से उसे बाहर निकालने में सफलता मिली। उचेहरा-घोरचत्र नदी के बीच हुए इस भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। हादसे में ट्रक चालक भी कोयले के नीचे दब गया था, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।

आधी रात नदी में जा गिरा कोयले से लदा ट्रक

जानकारी के अनुसार, शहडोल से कटनी मार्ग होते हुए मैहर जा रहा कोयले से भरा ट्रक रात करीब 12 बजे उचेहरा और घोरचत्र नदी के बीच अचानक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। दुर्घटना के समय ट्रक में चालक भगवान दास और खलासी सियालाल सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन के अंदर फंस गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

हेडलाइट बंद हुई और अनियंत्रित होकर पलट गया ट्रक

ट्रक चालक भगवान दास ने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि वे धनपुरी से कोयला लेकर मैहर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्रक की हेडलाइट बंद हो गई। इसी दौरान गाड़ी उछली और अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। चालक के मुताबिक, हादसे के बाद वह कोयले के नीचे दब गया था। काफी प्रयास के बाद किसी तरह खुद को बाहर निकालने में सफल रहा, लेकिन खलासी ट्रक के भीतर ही फंसा रह गया।

नौ घंटे तक चला जिंदगी बचाने का संघर्ष

इस हादसे में सबसे चुनौतीपूर्ण स्थिति खाराहनी निवासी करीब 36 वर्षीय खलासी सियालाल की रही। वह लगभग नौ घंटे तक क्षतिग्रस्त ट्रक के भीतर फंसा रहा। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन और जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सुबह तक चले लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार खलासी को ट्रक से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए पाली अस्पताल भेजा गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। काफी मशक्कत के बाद सुबह खलासी को बाहर निकालकर उपचार के लिए पाली अस्पताल भेजा गया।

हाईवे पर लगा वाहनों का जमावड़ा

दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने वाहनों को किनारे से निकालने की व्यवस्था की, जिसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सामान्य हुआ।