भाजपा में अपनों से ही बगावत के सुर, महामंत्री ने सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 30 Oct 2026, 06:58 AM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

भारतीय जनता पार्टी में संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को आगे बढ़ाने के दावे तो अक्सर किए जाते हैं, लेकिन जब संगठनात्मक नियुक्तियों का समय आता है तो कई बार यही फैसले अंदरूनी नाराजगी की वजह बन जाते हैं। उमरिया जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए जिला अध्यक्ष की घोषणा के बाद कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिल रहा है। नियुक्ति की सूची जारी होते ही संगठन के भीतर असंतोष की आवाज सोशल मीडिया पर सामने आ गई है।

दरअसल, 29 अक्टूबर 2026 को मध्यप्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला अध्यक्षों और जिला महामंत्रियों की संगठनात्मक नियुक्तियों की सूची जारी की। इस सूची में उमरिया जिले की जिम्मेदारी आशुतोष तिवारी को जिला अध्यक्ष के रूप में सौंपी गई है। घोषणा के बाद जहां नवनियुक्त अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं, वहीं संगठन में पहले से सक्रिय कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी भी दिखाई देने लगी।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अधिक चर्चा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मनीष सिंह बघेल की फेसबुक पोस्ट को लेकर हो रही है। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा,”भाजपा में न मेहनत देखा जाता है न कार्यकर्ता की लगन, ये होता है अहंकार। पूरी रात नींद नहीं आई।”उनकी इस पोस्ट ने जिले के राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

पद नहीं मिलने से ज्यादा व्यवस्था से नाराजगी

मनीष सिंह बघेल से जब इस संबंध में बातचीत की गई तो उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि भाजपा भी अब अपनी डगर से हट चुकी है। पुराने लोग पुराने लोग घूमते रह जाएं, बस हो गया। लोगों को उठाकर जिला अध्यक्ष बना दिया गया। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि वह संगठन में जिम्मेदारियां सौंपने के तरीके से संतुष्ट नहीं हैं।

संगठन के दावों पर उठने लगे सवाल

उमरिया में सामने आया यह मामला केवल एक नियुक्ति तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा, बल्कि संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं और नेतृत्व के फैसलों के बीच दूरी की ओर भी इशारा कर रहा है। सवाल यह है कि वर्षों तक संगठन के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका और योगदान का आकलन आखिर किस आधार पर किया जाता है|

भाजपा का दावा रहा है कि उसका संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से चलता है। ऐसे में युवा मोर्चा के एक जिला महामंत्री की सार्वजनिक नाराजगी नेतृत्व के लिए विचार करने का विषय जरूर है। फिलहाल आशुतोष तिवारी की नियुक्ति के बाद उमरिया युवा मोर्चा में उठी असंतोष की आवाज ने संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

https://www.facebook.com/share/p/1Fi9EQBhN4/