रोज लौकी आलू और बरी की सब्जी से परेशान छात्राएं पहुंची SDM कार्यालय, SDM ने दिया जांच का आश्वासन।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 29 Oct 2026, 10:50 AM IST | 1 min read
Share:

रोज लौकी-आलू-बरी की सब्जी से परेशान छात्राएं पहुंचीं SDM कार्यालय, अधीक्षिका पर लगाए आरोप

## करीब 35 छात्राओं ने लिखित शिकायत देकर पुरानी अधीक्षिका को वापस पदस्थ करने की मांग की, SDM ने जांच का दिया आश्वासन

सीधी जिले के आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय अनुसूचित जनजाति उत्कृष्ट सीनियर कन्या छात्रावास कुसमी में भोजन और व्यवस्थाओं को लेकर विवाद सामने आया है। छात्रावास की करीब 35 छात्राएं अधीक्षिका की शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्याओं को लेकर लिखित आवेदन सौंपा। छात्राओं ने भोजन में रोज एक जैसी सब्जी और नाश्ता दिए जाने, आवश्यक उपयोगी सामग्री नहीं मिलने सहित कई आरोप लगाए। साथ ही पुरानी अधीक्षिका कौशल्या सिंह को दोबारा पदस्थ करने की मांग की।

### रोज एक जैसा भोजन मिलने से परेशान छात्राएं

छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में सुबह लौकी की सब्जी और रात में आलू-सोयाबीन बरी की सब्जी दी जाती है। वहीं नाश्ते में भी नियमित रूप से पोहा मिलता है। छात्राओं ने साबुन, टूथपेस्ट सहित अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत भी की। उनका कहना है कि आवश्यक सामान की व्यवस्था उन्हें अपने खर्च पर करनी पड़ रही है।

### पुरानी अधीक्षिका को हटाने के लिए हस्ताक्षर कराने का आरोप

छात्राओं ने आरोप लगाया कि करीब एक-दो सप्ताह पहले छात्रावास पहुंचे एक अधिकारी ने उनसे कागज पर हस्ताक्षर कराए थे। छात्राओं के मुताबिक, उन्होंने इसे छात्रावास की खराब छत की मरम्मत से संबंधित जांच समझकर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि हस्ताक्षर पुरानी अधीक्षिका कौशल्या सिंह को हटाने के संबंध में लिए गए थे। छात्राओं ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पुरानी अधीक्षिका को वापस लाने की मांग की है।

### नई अधीक्षिका बोलीं—पूरा प्रभार मिलने पर सुधारेंगी व्यवस्था

मामले में वर्तमान अधीक्षिका कलावती सिंह का कहना है कि उन्होंने हाल ही में अधीक्षिका का प्रभार संभाला है और अभी तक उन्हें पूरा प्रभार नहीं मिल पाया है। पूरा प्रभार मिलने के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा।

### SDM ने कहा—खुद करेंगे छात्रावास का निरीक्षण

एसडीएम कुसमी सागर दिलीप सेन ने बताया कि छात्राओं ने लिखित रूप में आवेदन दिया है। इस संबंध में संबंधित विभाग को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही वे टीम के साथ छात्रावास पहुंचकर स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और जांच रिपोर्ट विभाग को भेजेंगे।

### जांच रिपोर्ट पर भी उठे सवाल

विभागीय सूत्रों के अनुसार, आदिवासी विकास विभाग के मंडल संयोजक सजन सिंह को कुसमी के एक बालक छात्रावास और एक इसी कन्या छात्रावास की जांच की जिम्मेदारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों छात्रावासों के अधीक्षकों का स्थानांतरण किया गया। अब छात्राओं की शिकायत है कि उनके द्वारा बोला गया कि कागज में हस्ताक्षर कर दो बच्चियों ने बताया कि भवन की छत खराब होने को लेकर उन्होंने हस्ताक्षर करवाये हैं लेकिन उनके जांच करने के बाद में पता चला कि उन्होंने अधीक्षिका के खिलाफ रिपोर्ट भेजी थी है।अब पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया और जांच रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब एसडीएम के निरीक्षण और विभागीय जांच के बाद ही छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा पूर्व में की गई जांच के खुलासे केबाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।