पाइपलाइन टूटी, बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण! पडखुरी 588 में नल-जल योजना ठप, शिकायत पर भी नहीं हुआ समाधान
बीएसएनएल की केबल डालने के दौरान पाइपलाइन टूटने का आरोप, 50 से 60 परिवारों के सामने पेयजल संकट; सचिव ने ठेकेदारों पर डाली जिम्मेदारी
Also Read
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पडखुरी 588 में पेयजल की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बीएसएनएल की केबल डालने के दौरान नल-जल योजना की पाइपलाइन तोड़ दी गई, जिसके बाद से उनके मोहल्ले में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। समस्या का समाधान नहीं होने से करीब 50 से 60 परिवारों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।
गांव के वार्ड क्रमांक 2 निवासी राहुल पांडे ने बताया कि उनके मोहल्ले में नल-जल योजना की टंकी से पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचता था। यही उनके परिवार सहित आसपास के 50 से 60 परिवारों के लिए पेयजल का प्रमुख साधन था। मोहल्ले में केवल एक हैंडपंप है, जिसका उपयोग 300 से अधिक लोग करते हैं। ऐसे में हैंडपंप पर निर्भर रहना मुश्किल हो रहा है।
राहुल पांडे के मुताबिक, बीएसएनएल के ठेकेदारों ने केबल डालने के दौरान पाइपलाइन तोड़ दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव से शिकायत की। उनका आरोप है कि इस पर उन्हें बताया गया कि यह सरकारी काम है और इसे रोका नहीं जा सकता। लेकिन पाइपलाइन टूटने के बाद पानी की व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी।
सचिव पर लापरवाही के आरोप
गांव के निवासी मोतीलाल ने बताया कि उन्होंने सचिव कैलाश लोनिया से पाइपलाइन सुधरवाने की बात कही थी। आरोप है कि सचिव ने उनसे कहा कि जहां शिकायत करनी है, ऑनलाइन शिकायत कर दो, मैं नहीं बनवाऊंगा और मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को दोपहर 12 बजे रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा से शिकायत कर समस्या के निराकरण की मांग की।
सचिव बोले- ठेकेदार नहीं सुधार रहे पाइपलाइन
इस संबंध में सचिव कैलाश लोनिया ने बताया कि उन्होंने पाइपलाइन नहीं तोड़ी है। उनके अनुसार, उन्होंने कई बार बीएसएनएल के ठेकेदारों से पाइपलाइन सुधारने के लिए कहा है, लेकिन ठेकेदार उसे ठीक नहीं कर रहे हैं। ऐसे में वह क्या कर सकते हैं।
अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि शिकायत के बाद जिम्मेदार अधिकारी मामले में हस्तक्षेप करेंगे और पाइपलाइन की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराएंगे।
https://www.instagram.com/reel/DfEu2JqI0l6/?xtok=MWU4YncxdzQxc2IweQ==
https://www.instagram.com/reel/DfEu2JqI0l6/?xtok=MWU4YncxdzQxc2IweQ==



