दिव्यांगों को कृत्रिम अंग दिलाने प्रशासन की विशेष पहल, कुसमी SDM ने दी जानकारी,शहडोल में लगेगा शिविर

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 28 Oct 2026, 08:24 AM IST | 1 min read
Share:

दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग दिलाने प्रशासन की पहल: कुसमी एसडीएम ने दी जानकारी, शहडोल में लगेगा शिविर

कुसमी/सीधी: जिले के कुसमी क्षेत्र में कृत्रिम अंगों से वंचित जरूरतमंद दिव्यांगजनों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर विशेष पहल शुरू की गई है। कुसमी एसडीएम सागर दिलीप जैन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें कृत्रिम अंगों की आवश्यकता है, वे एसडीएम कार्यालय कुसमी में पहुंचकर अपने दस्तावेज जमा कर सकते हैं।

हितग्राहियों को नवंबर से दिसंबर माह के भीतर अपना आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और दिव्यांगता प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा कराना होगा। इसके उपरांत चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे।

लायंस क्लब के सहयोग से शहडोल में होगा आयोजन प्राप्त जानकारी के अनुसार, माह जनवरी 2027 में लायंस क्लब (Lions Club) के सहयोग से शहडोल जिले में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग लगाए जाने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सीधी जिले से लगभग 100 दिव्यांगजनों को शहडोल ले जाकर कृत्रिम अंगों का लाभ दिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने क्षेत्र के सभी पात्र दिव्यांगजनों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।