सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, सौंदर्यीकरण और शुद्ध पेयजल की मांग, सीएमओ कक्ष के सामने धरने पर बैठे युवा

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 21 Oct 2026, 01:13 PM IST | 1 min read
Share:

स्टेडियम में सुविधाओं की मांग को लेकर सीधी नगरपालिका में युवाओं का प्रदर्शन, सीएमओ के खिलाफ की नारेबाजी

सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, सौंदर्यीकरण और शुद्ध पेयजल की मांग; सीएमओ कक्ष के सामने धरने पर बैठे युवा, मौके पर पहुंची पुलिस

सीधी। नगरपालिका परिषद सीधी में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे स्टेडियम में सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आधा दर्जन युवा सीएमओ कक्ष के सामने बरामदे में बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान युवाओं ने सीएमओ के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं की प्रमुख मांग स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण, सौंदर्यीकरण और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करना है। युवाओं का कहना है कि स्टेडियम में खिलाड़ियों और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इन्हीं मांगों को लेकर वे नगरपालिका परिषद कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

प्रदर्शनकारी युवक प्रमोद सिंह ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होती और उनकी बात नहीं मानी जाती, तब तक वे नगरपालिका परिसर में बैठे रहेंगे। युवाओं ने स्टेडियम में आवश्यक सुविधाओं के विकास और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को लेकर अपनी मांग रखी है।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस

नगरपालिका परिसर में युवाओं की नारेबाजी की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं को समझाइश दी। हालांकि, युवा अपनी मांगों पर अड़े रहे और आंदोलन जारी रखा।

सीएमओ बोले- आवेदन नहीं मिला, शिकायत पर होगी कार्रवाई

नगरपालिका परिषद सीधी के सीएमओ महमूद हसन ने बताया कि इस संबंध में उन्हें पहले किसी की ओर से आवेदन नहीं दिया गया था। अब शिकायत की जा रही है, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

युवाओं के प्रदर्शन के बाद अब स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, सौंदर्यीकरण और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को लेकर नगरपालिका प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।