प्रशासन की शख्ती और खनिज विभाग की कार्यवाही के बाद 29अक्टूबर का चक्का जाम आंदोलन स्थगित।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 28 Oct 2026, 09:02 AM IST | 1 min read
Share:

प्रशासन की सख्ती और खनिज विभाग की कार्रवाई के बाद 29 अक्टूबर को होने वाला चक्का जाम स्थगित।

सीधी जिले में भारी वाहनों और ओवरलोडिंग के कारण क्षतिग्रस्त हो रहे पुल और सड़कों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लिए जाने के बाद प्रस्तावित चक्का जाम स्थगित कर दिया गया है। ग्राम भदौरा (तहसील कुसमी) निवासी आनंद सिंह ददुआ ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर 29 अक्टूबर 2026 को होने वाले धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम को वापस लेने की सूचना दी है।
*क्या था मामला?*

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगरौली रेत खदान हर्दी की ओर से गोपद नदी के गोतरा पुल के पास 80 से 90 टन माल से लदे भारी हाईवा वाहनों द्वारा अवैध परिवहन किया जा रहा था। इन ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही से गोतरा से महखोर मार्ग तथा संबंधित पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही थी।
सड़क व पुल की बदहाली को देखते हुए ग्रामीणों की ओर से पूर्व में कलेक्टर को ज्ञापन देकर बड़े व भारी वाहनों पर रोक लगाने तथा ओवरलोडिंग प्रतिबंधित करने की मांग की गई थी। मांग पूरी न होने की स्थिति में 29 अक्टूबर 2026 को भदौरा में चक्का जाम करने का अल्टीमेटम दिया गया था।

प्रशासन की कार्रवाई के बाद फैसला:
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने पुल पर बड़े वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही खनिज विभाग द्वारा ओवरलोड वाहनों पर लगातार सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस त्वरित व सकारात्मक कार्रवाई को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने 29 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।