#कुसमी पुलिस ने 6 घंटे में खोज निकाला 12 वर्षीय गुमशुदा बालक, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
**छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास से बालक को किया दस्तयाब, पोंडी चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई**
Also Read
**कुसमी, सीधी।** कुसमी थाना क्षेत्र की पोंडी चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को महज छह घंटे के भीतर छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परेशान परिजनों ने राहत की सांस ली।
**17 अक्टूबर से लापता था बालक**
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिडौरा निवासी राजेश बैगा (12 वर्ष), पिता राकेश बैगा, 17 अक्टूबर 2026 से बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 21 अक्टूबर को बालक की मां मायावती बैगा ने पोंडी चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी।
**मुखबिर की सूचना पर छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास मिला बालक**
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कुसमी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी के निर्देशन में पोंडी चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक जय नारायण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम बिडौरा, कमछ, छुहिया, चमराडोल, ददरी, कुन्दौर और ताल सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की।
इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक बालक ग्राम ताल की ओर से छत्तीसगढ़ बॉर्डर की तरफ गया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बालक को बॉर्डर के पास से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
**वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई**
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
बालक की तलाश और दस्तयाबी में थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी, पोंडी चौकी प्रभारी जय नारायण श्रीवास्तव, आरक्षक उमेश द्विवेदी, अभिषेक मिश्रा एवं शिवम शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।



