रोक के बावजूद चोरी-छिपे पहाड़ पर चढ़ रहे थे श्रद्धालु, वन विभाग ने 80 से अधिक लोगों को रोका

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 31 Oct 2026, 12:21 PM IST | 1 min read
Share:

पहाड़ पर रोक के बावजूद भी चोरी-छिपे चढ़ रहे थे श्रद्धालु, वन विभाग ने 80 से अधिक लोगों को वहा रोका

भंवरसेन के पहाड़ी पर शॉर्टकट से पहुंचने की कोशिश, सुरक्षा के लिए 14 वनकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई

सीधी रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र के छिरोही स्थित भंवरसेन पहाड़ी पर जाने से रोक लगाए जाने के बावजूद श्रद्धालु दूसरे रास्तों से पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे 80 से अधिक महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे पहाड़ी पर चढ़ने लगे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी को रोककर सुरक्षित नीचे उतारा।

मुख्य रास्ता बंद तो खोजने लगे शॉर्टकट

प्रशासन द्वारा पहाड़ी पर जाने वाले मुख्य रास्ते को पहले ही बंद किया जा चुका है। इसके बावजूद श्रद्धालु दर्शन के लिए शॉर्टकट का सहारा लेकर पहाड़ के रास्ते चढ़ने लगे। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोका और रास्ते को भी ब्लॉक कर दिया, ताकि कोई दोबारा इस मार्ग से पहाड़ी पर जाने की कोशिश न करे।

गौरतलब है कि हाल ही में एसडीएम अजय शर्मा और रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा ने सुरक्षा को देखते हुए लोगों के पहाड़ी पर जाने पर रोक लगाई थी। पहाड़ी का रास्ता संकरा और जोखिम भरा होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

14 वनकर्मियों की लगाई गई ड्यूटी

डिप्टी रेंजर राजेंद्र यादव ने बताया कि मुख्य रास्ता बंद होने के बाद लोग शॉर्टकट से पहाड़ी पर जाने की कोशिश कर रहे थे। वन विभाग की टीम ने सभी को नीचे उतारा और रास्ते को ब्लॉक किया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 14 वनकर्मियों की टीम तैनात की गई है। कर्मचारी आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में लगातार ड्यूटी कर रहे हैं और लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोक रहे हैं।

वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि श्रद्धालु दूसरे रास्तों से पहाड़ी पर न पहुंचें। प्रशासन का उद्देश्य संकरे और जोखिम भरे रास्ते पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।