देवघटा में बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, 30 वर्षीय महिला की रीढ़ की हड्डी टूटी, सीने और पीठ में चोट

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 28 Nov 2026, 02:34 PM IST | 0 min read
Share:

देवघटा में बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, 30 वर्षीय महिला की रीढ़ की हड्डी टूटी, सीने और पीठ में भी गंभीर चोटें

सीधी। जिला मुख्यालय के समीप देवघटा में शनिवार शाम करीब 5 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सड़क पर एक महिला को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे पूनम साहू (30), पति राजेंद्र साहू निवासी रामपुर की रीढ़ की हड्डी टूट गई। इसके अलावा उनके सीने और पीठ में भी गंभीर चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पूनम साहू अपने पति राजेंद्र साहू के साथ बाइक से रामपुर स्थित अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान देवघटा के पास अचानक एक महिला को बचाने के चक्कर में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में पूनम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ी हुई थीं। उनके सीने और पीठ में गंभीर चोटें थीं। रीढ़ की हड्डी टूटने की जानकारी भी सामने आई है। एंबुलेंस स्टाफ की मदद से तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया गया, जहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।