‘कोरेक्स सिटी ऑफ एमपी’ का बैनर लेकर पहुंची प्रतिभा सिंह, लोकतंत्र बचाने निकले नेताओं को दिखाया आईना; पुलिस ने हिरासत में लिया
रीवा में सीएम मोहन यादव की मौजूदगी में पदयात्रा के दौरान महिला का विरोध चर्चा में, मंच का पोस्टर भी झुकने से मची अफरा-तफरी
Also Read
रीवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को रीवा में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अराजकता के खिलाफ जनजागरण करना बताया गया। लेकिन इसी कार्यक्रम के दौरान एक महिला द्वारा ‘कोरेक्स सिटी ऑफ एमपी’ का बैनर लेकर विरोध जताने की घटना ने आयोजन को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिभा सिंह नाम की महिला मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान ‘कोरेक्स सिटी ऑफ एमपी’ से जुड़े मुद्दे को लेकर बैनर के साथ पहुंची थीं। उन्होंने कार्यक्रम के मंच की ओर बैनर दिखाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि प्रतिभा सिंह पेशे से डॉक्टर हैं।
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद भी महिला ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल उठाया कि एक तरफ मुख्यमंत्री लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने इसे भाजपा का दोहरा चरित्र बताते हुए सवाल खड़े किए। महिला के इस विरोध ने कार्यक्रम के लोकतांत्रिक संदेश के बीच अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा भी खड़ा कर दिया।
मुख्यमंत्री के आने से पहले मंच पर मची अफरा-तफरी
कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभा स्थल पर एक और घटना सामने आई। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मुख्य मंच पर लगा बड़ा पोस्टर/फ्लेक अचानक एक तरफ झुकने लगा। इसे गिरता देख वहां मौजूद कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी तत्काल दौड़कर पहुंचे और उसे संभाल लिया। समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए।
इसलिए आयोजित की गई थी पदयात्रा
भाजपा की ओर से यह पदयात्रा लोकतंत्र की रक्षा और कथित अराजकता के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। पार्टी नेताओं का आरोप था कि कुछ ताकतें देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। इसी संदेश को आम जनता तक पहुंचाने के लिए 28 नवंबर को रीवा में विशाल पदयात्रा निकाली गई।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को कमजोर किया और हजारों देशभक्त नेताओं को जेल में डाला। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता, चुनाव आयोग और संविधान संशोधन के मुद्दों पर भी विपक्ष को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की शक्ति सबसे बड़ी है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
कई बड़े नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री निमूबेन बांभनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, संभाग प्रभारी विजय दुबे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता सहित विधायक नागेंद्र सिंह, दिव्यराज सिंह, प्रदीप पटेल, सिद्धार्थ तिवारी, नरेंद्र प्रजापति और केपी त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
एनसीसी ग्राउंड, टीआरएस कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा कॉलेज चौराहा, मानस भवन, प्रकाश चौराहा और स्टैच्यू चौराहा होते हुए पद्मधर पार्क पहुंची। इस दौरान सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी भी रही।
हालांकि, लोकतंत्र की रक्षा के संदेश के बीच एक महिला का अपनी बात रखने के प्रयास में हिरासत में लिया जाना कार्यक्रम की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल रहा।



