धौरखोह मंदिर में चोरी, लेटे हनुमान जी के सिर से चांदी का मुकुट गायब

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 29 Sep 2026, 12:27 PM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के चंदिया थाना क्षेत्र के जंगल के बीच स्थित प्रसिद्ध धौरखोह हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर में विराजमान लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा पर चढ़ाया गया चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर समिति में हलचल मच गई।

धौरखोह हनुमान मंदिर जंगल के बीच स्थित होने के कारण आसपास के क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां भगवान हनुमान की लेटी हुई अवस्था में प्रतिमा स्थापित है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। भगवान के श्रृंगार के लिए चांदी का मुकुट भी चढ़ाया गया था।

बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में प्रवेश किया और भगवान हनुमान की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गए। सुबह मंदिर पहुंचने पर मुकुट गायब मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी मंदिर समिति के लोगों को दी गई।

80 हजार रुपये कीमत का था चांदी का मुकुट

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पांडे ने बताया कि भगवान हनुमान को चढ़ाया गया चांदी का मुकुट करीब 80 हजार रुपये कीमत का था। उन्होंने बताया कि मुकुट चोरी होने के संबंध में मंदिर समिति की ओर से चंदिया थाने में शिकायत दी गई है।

चोरी की घटना सामने आने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं में चर्चा शुरू हो गई। समिति की ओर से चोरी गए मुकुट की बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के आधिकारिक पक्ष का इंतजार

घटना के संबंध में चंदिया थाना प्रभारी विजय सिंह पाटले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके चलते मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ सका।

फिलहाल धौरखोह हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मंदिर समिति की शिकायत के बाद अब चोरी गए मुकुट की बरामदगी और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।