### घटिया सड़क निर्माण का वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
सरपंच ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया काम, दोबारा निर्माण शुरू होने पर जांच और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
Also Read
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत भदौरा तिराहा से दरिमा डाल पहुंच मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजेश मिश्रा के घर से राजकरण जायसवाल के घर तक करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को अत्यंत घटिया बताते हुए इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर ग्राम पंचायत शंकरपुर के सरपंच राजेश रावत निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर सड़क निर्माण में कम मात्रा में निर्माण सामग्री डालने, सड़क की परत निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने तथा गिट्टी और डामर की मिक्सिंग में कमी होने की बात सामने आने पर नाराजगी जाहिर की। सरपंच ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से चर्चा कर निर्माण कार्य बंद करने को कहा।
सरपंच का आरोप है कि उनके मौके से लौटने के बाद ठेकेदार के कर्मचारियों ने पुनः उसी तरीके से घटिया निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
सरपंच राजेश रावत ने कुसमी के संबंधित अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने, तकनीकी टीम से निष्पक्ष जांच कराने और गुणवत्ता के अनुरूप सड़क का दोबारा निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत और वायरल वीडियो के बाद जिम्मेदार विभाग निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।



