# शंकरपुर-भदौरा रेलवे स्टेशन पर बनेगा हाई लेवल प्लेटफॉर्म, रेल यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
## लंबे आंदोलन के बाद मांग पूरी होने की उम्मीद, आंदोलनकारी आनंद सिंह ददुआ ने रेलवे बोर्ड और सर्वदलीय नेताओं के प्रति जताया आभार
Also Read
**पत्रिका | शंकरपुर-भदौरा।**
सीधी जिले के शंकरपुर-भदौरा रेलवे स्टेशन से रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से हाई लेवल प्लेटफॉर्म निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे क्षेत्रीय आंदोलनकारियों की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है। रेलवे बोर्ड की ओर से स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म तैयार किए जाने की जानकारी भेजे जाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म निर्माण होने से यात्रियों को स्टेशन पर दोनों दिशाओं से आने वाली ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म की सुविधा मिल सकेगी। इससे कुसमी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि पर आंदोलनकारी आनंद सिंह ददुआ ने रेलवे बोर्ड, क्षेत्रीय नेताओं और आंदोलन में शामिल सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शंकरपुर-भदौरा रेलवे स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म का निर्माण क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह लंबे समय से संघर्ष कर रहे आंदोलनकारियों और क्षेत्रीय जनता की मांग से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय था।
**लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए भी जारी रहेगा प्रयास**
आनंद सिंह ददुआ ने कहा कि प्लेटफॉर्म निर्माण के बाद अब क्षेत्र की दूसरी प्रमुख मांग लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव और सुविधा से जुड़ी है। इसे पूरा कराने के लिए क्षेत्रीय जनता और सर्वदलीय नेताओं को एकजुट होकर पहल करनी होगी, ताकि कुसमी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य रेल संबंधी मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय होगा।



