उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के मानपुर थाना क्षेत्र की ताला चौकी पुलिस ने निर्माणाधीन रिसोर्ट के स्टोर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर स्टोर का ताला तोड़ा और वहां रखी निर्माण सामग्री सहित अन्य सामान चोरी कर आपस में बांट लिया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की कुछ सामग्री भी बरामद की है।
Also Read
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फरियादी इंद्रभान शुक्ला पिता प्रेमलाल शुक्ला, उम्र 50 वर्ष, निवासी मारूति नगर, सतना ने 21 सितंबर 2026 को ताला चौकी, थाना मानपुर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 12 सितंबर को शाम करीब 4 बजे से 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके निर्माणाधीन रिसोर्ट के स्टोर को निशाना बनाया। चोरों ने स्टोर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे इन्वर्टर, हैमर मशीन, गैस सिलेंडर, राशन, ग्राइंडर तथा मार्बल कटर सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद मानपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाए गए।
जांच के दौरान पुलिस को सफलता मिली और सजन बैगा उर्फ सूरज पिता रामसजीवन बैगा, उम्र 28 वर्ष तथा दिल्लू उर्फ दिलीप बैगा पिता रविंदा बैगा, उम्र 28 वर्ष, दोनों निवासी ताला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों संतोष बैगा और सूरज बैगा के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि चोरी के बाद सामान को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था।
पुलिस ने आरोपी सजन बैगा उर्फ सूरज बैगा के कब्जे से माइक्रोटेक कंपनी का एक इन्वर्टर बरामद किया। वहीं आरोपी दिल्लू उर्फ दिलीप बैगा के कब्जे से एक हैमर कटर मशीन और ड्रिल मशीन बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और चोरी की शेष सामग्री के संबंध में भी जांच कर रही है।



