सड़कों पर उतरे न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुकानदारों से किया सीधा संवाद; 48 हजार रुपये के चालान काटे

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 03 Nov 2026, 10:36 AM IST | 1 min read
Share:

सड़कों पर उतरे न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुकानदारों से किया सीधा संवाद; 48 हजार रुपये के चालान काटे

रामपुर नैकिन, हत्था और बघवार में पैदल भ्रमण कर लोगों को बताए कानून के नियम, बोले—दंडित करना ही नहीं, जागरूक करना भी हमारा काम

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने अनूठी पहल करते हुए बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल भ्रमण किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट परमानंद सनोड़िया और अरहम खान ने रामपुर नैकिन, हत्था, बघवार सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया और उन्हें कानून एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मोबाइल कोर्ट के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर करीब 48 हजार रुपये के चालान भी काटे गए।

मंगलवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चले इस अभियान में न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ रामपुर नैकिन थाने के करीब 12 पुलिसकर्मी और पिपराव के पांच कर्मचारी मौजूद रहे। न्यायिक मजिस्ट्रेट और कर्मचारियों ने करीब दो किलोमीटर तक पैदल भ्रमण कर बाजारों की स्थिति का जायजा लिया और लोगों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

फुटपाथ दुकानदारों से लेकर ऑटो चालकों तक पहुंचा संदेश

अभियान के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने फुटपाथ पर व्यापार करने वाले दुकानदारों से बातचीत की। फल बेचने वालों, जूते-चप्पल का कारोबार करने वालों और सब्जियों के ठेले लगाने वाले लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। वहीं, ऑटो रिक्शा चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

‘केवल दंडित करना नहीं, समझाना भी हमारा काम’

न्यायिक मजिस्ट्रेट अरहम खान ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था का उद्देश्य केवल लोगों को दंडित करना नहीं है, बल्कि उन्हें कानून और नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। इसी उद्देश्य से बाजार में लोगों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया गया और उनकी समस्याओं को समझते हुए नियमों के पालन की समझाइश दी गई।

न्यायिक मजिस्ट्रेटों की इस पहल को आम लोगों के बीच कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बाजार में सीधे पहुंचकर संवाद करने और मोबाइल कोर्ट के जरिए कार्रवाई करने से लोगों को नियमों के पालन का संदेश दिया गया।