सीधी: नाले के किनारे मिली एक दिन की नवजात बच्ची, जीवित अवस्था में मिलने से मचा हड़कंप..
ग्रामीणों ने रोने की आवाज सुनकर बच्ची को देखा, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया; बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर..
Also Read
सिहावल से राजबहोर केवट की रिपोर्ट।
सिहावल, सीधी। जिले के सिहावल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बमुरी के रामपुर के पास मंगलवार, 27 अक्टूबर की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अकड़ा नाले के किनारे एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया।
रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कुछ ग्रामीण छुही मिट्टी की खुदाई करने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्हें नाले के पास से नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। ग्रामीण राम लखन केवट ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची के मिलने के बाद तत्काल पुलिस की डायल 112 सेवा को सूचना दी गई।
पुलिस की तत्परता, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार
सूचना मिलते ही सिहावल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नवजात बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल पहुंचाया। यहां खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिकेश शर्मा ने बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकीय देखरेख में बच्ची को ऑक्सीजन की सहायता दी गई। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आगे की कार्रवाई जारी
इस संबंध में सिहावल चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि मामले को पंजीबद्ध कर लिया गया है। संबंधित विभागों को पत्राचार के माध्यम से सूचना दी जा चुकी है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
नाले के किनारे नवजात बच्ची के मिलने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्ची को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल बच्ची की सुरक्षा और उचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।



