जूरी में बकिया बांध नहर टूटी, सैकड़ो एकड़ खेत सिंचाई से प्रभावित, किसान परेशान।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 02 Nov 2026, 12:49 PM IST | 0 min read
Share:

जूरी में बकिया बांध नहर टूटी, सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई प्रभावित; किसान परेशान
महीनों से क्षतिग्रस्त नहर की नहीं ली जा रही सुध, गेहूं की फसल पर संकट; किसानों ने कलेक्टर से लगाई मरम्मत की गुहार।
सीधी। जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जूरी में शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सामने से गुजरने वाली बकिया बांध की नहर बीच से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। नहर टूटने के कारण किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसानों का कहना है कि नहर पिछले कई महीनों से टूटी हुई है, लेकिन सिंचाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक इसकी मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। वर्तमान में गेहूं की फसल की सिंचाई का समय है, लेकिन नहर से पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

किसानों ने बताया कि नहर की मरम्मत नहीं होने से बांध का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। एक ओर खेतों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं है, वहीं दूसरी ओर बिजली के बिलों का भुगतान भी करना पड़ रहा है। इससे किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है।
किसान संजय सिंह, राजबहादुर सिंह, अवधराज सिंह, सत्यप्रसाद सिंह, सकसूदन सिंह एवं सूर्यपाल सिंह सहित अन्य किसानों ने जिला कलेक्टर का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है। किसानों ने मांग की है कि सिंचाई विभाग को तत्काल निर्देशित कर क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत कराई जाए, ताकि समय रहते खेतों तक पानी पहुंच सके और किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान से बचाया जा सके।