सीधी में घरेलू विवाद के बाद मां ने खाया जहर, डेढ़ साल के मासूम को भी पिलाया; रीवा रेफर
उपनी गांव की घटना, महिला का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज; पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
Also Read
सीधी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उपनी में घरेलू विवाद के बाद एक महिला द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने और अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को भी जहर देने का मामला सामने आया है। घटना रविवार देर शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। तबीयत बिगड़ने पर मां और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं महिला का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान अन्नपूर्णा सिंह (28) और उसके बेटे की पहचान आयुष सिंह (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है। महिला के पति मनीष सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बड़े भाई आनंद सिंह आए दिन परिवार के साथ गाली-गलौज करते थे। उनका कहना है कि कई बार छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने के साथ मारपीट भी की जाती थी। इस संबंध में गांव के लोगों को भी जानकारी दी गई, लेकिन कथित तौर पर विवाद का समाधान नहीं हो सका।
मनीष सिंह के मुताबिक, घरेलू विवाद से परेशान होकर रविवार शाम उनकी पत्नी ने पहले जहरीले पदार्थ का सेवन किया और फिर बच्चे को भी जहर दे दिया। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे को 108 एंबुलेंस की मदद से रीवा रेफर किया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद रविवार रात करीब 10:30 बजे मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की गई। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की विवेचना की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



