पोड़ी में जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित संभगायुक्त ने निलंबित प्रकरणों पर दिखाई सख्ती।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 31 Oct 2026, 12:40 AM IST | 1 min read
Share:

पोड़ी में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित, संभागायुक्त ने लंबित प्रकरणों पर दिखाई सख्ती।

सीएम हेल्पलाइन के 22 मामलों की मौके पर समीक्षा, लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस और वेतन रोकने के निर्देश; हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ।

सीधी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड कुसमी की ग्राम पंचायत पोड़ी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। वहीं रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस

शिविर के दौरान संभागायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित 22 आवेदनों की मौके पर समीक्षा की। समय पर कार्रवाई नहीं करने पर डीएम नागरिक आपूर्ति निगम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं जनजातीय कार्य विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक के स्वत्वों के भुगतान में लापरवाही सामने आने पर संबंधित डीडीओ के वेतन आहरण पर रोक लगाने को कहा। आरबीसी 6(4) के प्रकरणों में राहत राशि के भुगतान में देरी पर संबंधित अधिकारियों को 3 नवंबर तक बिल प्रस्तुत कर जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दो हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत

शिविर में प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए पात्रतानुसार निराकरण किया गया। बसंती गुप्ता एवं सुभागिया की सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि 30 नवंबर को फॉलोअप शिविर आयोजित होगा, जिसमें आज प्राप्त आवेदनों सहित अन्य लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

हितग्राहियों को बांटे रजिस्ट्री और ऋण

स्वामित्व योजना के तहत पोड़ी, नवानगर, मेढ़की, कोटा, करौटी एवं लुरघुटी नंबर-1 के कुल 11 हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित की गई। चित्रवती स्व सहायता समूह कोटा एवं शंकर स्व सहायता समूह नागपोखर को 1 लाख 50 हजार रुपये का सीसीएल ऋण प्रदान किया गया। वहीं महिपाल सिंह कुन्दौर को स्प्रेयर यंत्र दिया गया। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को केसीसी, आयुष्मान कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र तथा आय, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

विद्यार्थियों और स्वच्छताकर्मी का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। निबंध प्रतियोगिता में चंदन साहू प्रथम, सपना साहू द्वितीय एवं नयन गुप्ता तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में विक्रम गुप्ता प्रथम एवं सहसिल पनिका द्वितीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में संजू यादव प्रथम तथा निशी पाण्डेय द्वितीय रहीं। खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में रिया साहू, 800 मीटर दौड़ में राहुल रजक तथा गोला फेंक में अंजली गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वच्छताकर्मी सीताराम बंसल को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर भी लगाया गया। संभागायुक्त ने सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना टी, एसडीएम सागर जैन, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।