वैष्णवी बस और कार की टक्कर में मनोरमा, अनिल और सुधीर तिवारी की मौत, 5 साल की बच्ची गंभीर

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 30 Oct 2026, 01:08 PM IST | 1 min read
Share:

सीधी में भीषण सड़क हादसा: वैष्णवी बस और कार की टक्कर में मनोरमा, अनिल और सुधीर तिवारी की मौत, 5 साल की बच्ची गंभीर

चुरहट के अमरपुर बेहड़ा मोड़ के पास हुआ हादसा, कार में सवार थे चार लोग; घायल बच्ची का नाम रानी तिवारी

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास वैष्णवी बस और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार मनोरमा तिवारी, अनिल तिवारी और सुधीर तिवारी की मौत हो गई, जबकि पांच साल की बच्ची रानी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे, जो सीधी की ओर से रामपुर नैकिन जा रहे थे। वहीं, वैष्णवी बस रामपुर नैकिन से सीधी की तरफ आ रही थी। इसी दौरान अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना

प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा, निवासी कुआं, ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। वहां तीन लोगों की मौत हो चुकी थी और एक बच्ची घायल अवस्था में रो रही थी। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों के साथ पुलिस की डायल 112 सेवा और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई।

घायल बच्ची की हालत गंभीर

चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि बच्ची घायल है। शुरुआती जानकारी में बच्ची ने अपना नाम रानी तिवारी बताया था। हादसे में मृतकों की पहचान मनोरमा तिवारी, अनिल तिवारी और सुधीर तिवारी के रूप में हुई है।

घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि की जा रही है।