सीधी में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 15 लोग घायल; बरहो संस्कार में शामिल होने जा रहे थे सभी
डढ़िया के पास दोपहर 2 बजे हुआ हादसा, 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
Also Read
सीधी। जिले के ग्राम डढ़िया के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में किसी के सिर में चोट आई है, तो किसी का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। वहीं कुछ लोगों के मुंह और सीने में भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग बरहो संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। वे सोनवर्षा से सेमरी की ओर जा रहे थे, तभी ग्राम डढ़िया के पास तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में करीब 15 लोग घायल हुए हैं।
घायलों में गोरेबा रजक (65), शकुंतला रजक (45), अनीता रजक (35), किरण रजक (26), सीता रजक (35), शीला रजक (45), कलावती रजक (70) और प्रिया रजक (12) सहित अन्य लोग शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की ओर से तत्काल दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया, जहां उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
108 एंबुलेंस के मैनेजर धनंजय यादव ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही दो एंबुलेंस रवाना कर दी गई थीं। एंबुलेंस करीब 15 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है।



