आयुष्मान आरोग्य केंद्र के गेट के पास रखा धान ,स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहा सवाल।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 04 Nov 2026, 11:26 AM IST | 1 min read
Share:

### आयुष्मान आरोग्य केंद्र के गेट पर रखा धान , स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

अमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था का आरोप, मरीजों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता; जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग

सीधी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य उप स्वास्थ्य केंद्र अमगांव में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। यहां स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के ठीक बगल में धान काटकर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में इस तरह धान का भंडारण किए जाने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर इस तरह पैरा सहित धान रखना समझ से परे है। गेट के पास  रखे होने से उनमें सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के छिपने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में केंद्र पहुंचने वाले मरीजों, बच्चों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि केंद्र में सीएचओ सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों के रहने के लिए कमरे की व्यवस्था है। इसके बावजूद परिसर की स्थिति ऐसी है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां स्वास्थ्य सुविधाओं और कर्मचारियों की व्यवस्थाओं का किस तरह संचालन हो रहा होगा। विशेषकर रात और सुबह के समय आपात स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों को समय पर उपचार मिल पा रहा है या नहीं, यह भी जांच का विषय है।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राशि आवंटित की जाती है, लेकिन अमगांव केंद्र की स्थिति देखकर व्यवस्थाओं के रखरखाव पर सवाल उठते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी नियमित निरीक्षण कर रहे होते तो स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार के पास इस तरह धान नहीं रखे जाते।

बताते चलें कि कुसमी क्षेत्र के कई उप स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव की शिकायतें सामने आती रही हैं। एक ओर शासन ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अमगांव केंद्र की स्थिति जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जरूरत को उजागर कर रही है।

निरीक्षण और कार्रवाई की मांग

क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से अमगांव आयुष्मान आरोग्य उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कराने, परिसर में रखे धान को तत्काल हटवाने तथा केंद्र की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।