सड़क हादसे के बाद थार से निकली नशीले कफ सिरप की खेप, ₹15 लाख की गाड़ी समेत ₹15.05 लाख की सामग्री जब्

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 04 Nov 2026, 09:34 AM IST | 0 min read
Share:

सड़क हादसे के बाद थार से निकली नशीले कफ सिरप की खेप, ₹15 लाख की गाड़ी समेत ₹15.05 लाख की सामग्री जब्त

सीधी। कमर्जी थाना क्षेत्र के नौगवां में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस महिंद्रा थार वाहन से टक्कर लगने पर बाइक सवार कमालुद्दीन खान की मौत हुई थी, उसी वाहन की तलाशी में पुलिस ने ओनरेक्स कफ सिरप की 25 शीशियां बरामद की हैं। पुलिस ने वाहन समेत कुल 15 लाख 5 हजार रुपये की सामग्री जब्त कर आरोपी अनिल पटेल उर्फ डीजे वाला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व से एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को ग्राम नौगवां में सड़क दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई थी। थार वाहन पलटी हुई थी और उसमें सवार दो व्यक्तियों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था, जबकि दूसरा फरार हो गया। मौके पर पहुंची कमर्जी पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अनिल पटेल, निवासी ग्राम दादर, थाना कमर्जी के रूप में हुई।

ड्राइविंग सीट के नीचे मिलीं सिरप की शीशियां

पुलिस ने थार वाहन को थाने लाकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान ड्राइविंग सीट के नीचे रखी थैली से 25 शीशी ओनरेक्स कफ सिरप बरामद हुईं। इनमें 21 शीशियों पर कोडीन फॉस्फेट 10 एमजी अंकित था। पुलिस के अनुसार, शीशियों के रैपर और आवश्यक विवरण खुरचे हुए थे। आरोपी कफ सिरप से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथी अनीत पटेल के साथ अमिलिया से एक अज्ञात व्यक्ति के पास से कफ सिरप लेकर आया था और उसे बेचने के लिए बरिगवां जा रहा था। दुर्घटना के बाद दोनों भागने लगे, जिसमें अनिल पकड़ा गया, जबकि अनीत फरार हो गया।

15 लाख रुपये की थार भी जब्त

पुलिस ने कफ सिरप की 25 शीशियां, करीब 15 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा थार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 15.05 लाख रुपये बताई गई है।

थाना प्रभारी सुधाकर परिहार के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार अनीत पटेल और कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।