स्कूल का ताला तोड़कर उड़ाई ₹1.25 लाख की सामग्री, चार आरोपी गिरफ्तार

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 28 Oct 2026, 04:18 PM IST | 0 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

सरकारी स्कूल को चोरों ने निशाना बनाते हुए वहां रखी शैक्षणिक और उपयोगी सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। स्कूल के ताले तोड़कर की गई इस चोरी में चोर सीसीटीवी कैमरे, कलर प्रिंटर, सोलर बैटरियां, माइक, एम्पलीफायर सहित कई जरूरी सामान लेकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए नौरोजाबाद पुलिस ने जांच शुरू की और आखिरकार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया करीब 1 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका बरामद कर लिया।

ताले तोड़कर स्कूल में घुसे चोर

मामला ग्राम कल्दा स्थित शासकीय हाई स्कूल नया गांव का है। विद्यालय के प्राचार्य झाम सिंह परस्ते ने थाना नौरोजाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने स्कूल के ताले तोड़कर वहां रखी शैक्षणिक और अन्य उपयोगी सामग्री चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(5) और 331(4) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

चोरी गई सामग्री में सीसीटीवी कैमरा, एम्पलीफायर, माइक, सोलर बैटरियां, कलर प्रिंटर, गैस सिलेंडर, कैसियो म्यूजिक सिस्टम, साउंड बॉक्स, मिक्सर, सीपीयू, गैस चूल्हा, बोर्ड और इन्वर्टर सहित अन्य सामान शामिल था। स्कूल में उपयोग होने वाली इन वस्तुओं की चोरी से विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी।

पूछताछ में सामने आए चार नाम

चोरी की घटना के बाद नौरोजाबाद पुलिस ने आरोपियों और चोरी गई सामग्री की तलाश शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए, जिनसे पुलिस ने बारीकी से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान विपिन पाल निवासी ग्राम देवरी मजरा, शिवम नामदेव निवासी ग्राम देवरी मजरा, सागर सिंह निवासी ग्राम देवरी और ओमप्रकाश सिंह निवासी जरहा घूरमारा टोला ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय में पेश किए गए आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक उमरिया विजय भागवानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के निर्देशन तथा एसडीओपी पाली ललित गठरे के मार्गदर्शन में मिली सफलता बताया गया है।